36 घंटे से बिजली गुल, पेड़ और टहनियां गिरने से कई जगह विद्युत लाइनें प्रभावित

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में शाम से तेज हवा के साथ हो रही बारिश ने विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। नगर पंचायत मगहर और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण करीब आधा दर्जन ट्रांसफार्मर धराशायी हो गए। कई स्थानों पर पेड़ और टहनियां विद्युत लाइनों पर गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते क्षेत्र के कई हिस्सों में पिछले करीब 36 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है।मगहर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर गिरने से कई मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। लगातार बिजली गुल रहने से लोगों के घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। वहीं दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवा के चलते कई विद्युत पोल और लाइनों को भी नुकसान पहुंचा है।बारिश और तेज हवा के बीच विद्युत विभाग की टीमों ने मौसम में कुछ राहत मिलने पर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लेना शुरू किया। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों की जल्द मरम्मत कराने अथवा उनके स्थान पर नए ट्रांसफार्मर लगाने और विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल करने की मांग की है। मौसम खराब रहने के कारण मरम्मत कार्य में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। लोगों को बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार है।
