Friday, January 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एकाउंटेंट ओम प्रकाश राय का हृदय गति रुकने...

ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एकाउंटेंट ओम प्रकाश राय का हृदय गति रुकने से निधन, शोक की लहर

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग बलिया में डिविजनल एकाउंटेंट पद पर कार्यरत ओम प्रकाश राय का रविवार शाम हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पैतृक गांव नरही सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ओम प्रकाश राय नरही गांव के निवासी थे और अपने सरल स्वभाव, ईमानदार कार्यशैली तथा मिलनसार व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाते थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को वह अपने पैतृक गांव नरही स्थित आवास पर पहुंचे थे। शाम के समय अचानक उन्हें घबराहट महसूस हुई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान ही उनकी हृदय गति रुक गई और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
निधन की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। वहीं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग बलिया के अधिकारी और कर्मचारी भी इस दुखद समाचार से स्तब्ध रह गए। सहकर्मियों ने उन्हें एक कर्मठ, अनुशासित और जिम्मेदार अधिकारी के रूप में याद किया, जिनकी विभागीय कार्यों में अहम भूमिका रही।
निधन की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार, परिचित और शुभचिंतक उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनके असामयिक निधन को समाज और विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
परिजनों के अनुसार, ओम प्रकाश राय का अंतिम संस्कार सोमवार को उनके पैतृक गांव नरही में किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, शुभचिंतकों और विभागीय कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है। उनके निधन से परिवार, विभाग और समाज ने एक सज्जन और जिम्मेदार व्यक्ति को खो दिया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments