फोटो स्रोत पीएस

70 लाख से ज्यादा कैश और करोड़ों की घड़ियां बरामद


पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। बिहार में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना के एडीएम सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी, दानापुर की डिस्ट्रिक्ट सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई पटना और बेगुसराय स्थित आवासों के अलावा दोनों के कार्यालयों में की गई।
छापेमारी के दौरान टीम को दोनों आवासों से 70 लाख रुपये से अधिक की नकदी और करीब 80 लाख रुपये मूल्य के आभूषण मिलने की जानकारी सामने आई है। बड़ी मात्रा में बरामद नोटों को गिनने के लिए विजिलेंस टीम को करेंसी काउंटिंग मशीन की मदद लेनी पड़ी। अधिकारियों के अनुसार, बेगुसराय स्थित पैतृक आवास से 500 रुपये के नोटों की 100 से अधिक गड्डियां बरामद होने की बात कही गई है।
पटना के फ्लैट से मिलीं करीब 40 विदेशी घड़ियां
तलाशी के दौरान पटना स्थित आवास से करीब 40 महंगी विदेशी घड़ियां भी बरामद हुई हैं। इनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा टीम को विभिन्न निवेश और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
विजिलेंस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में करीब 1 करोड़ 6 लाख 85 हजार 900 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चला है। इसी आधार पर निगरानी थाना कांड संख्या 113/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है।
किराये के फ्लैट में रह रहे थे ADM
रविंद्र कुमार दिवाकर इससे पहले गया में एसडीएम और सारण में डीपीआरओ के पद पर तैनात रह चुके हैं। करीब एक वर्ष से वह पटना में एडीएम सप्लाई के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। वर्तमान में वह दानापुर के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित नहर रोड के कश्यप ग्रीनसिटी अपार्टमेंट में किराये के फ्लैट में रह रहे हैं।
जांच एजेंसी के मुताबिक, इसी परिसर में उन्होंने पेंटा हाउस समेत दो फ्लैट भी खरीदे हैं। इन फ्लैटों में फिलहाल मेंटेनेंस का काम चल रहा है। संपत्तियों और निवेश से संबंधित दस्तावेज मिलने के बाद विजिलेंस टीम उनकी जांच कर रही है।
कोर्ट से सर्च वारंट लेकर हुई कार्रवाई
आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज केस के सिलसिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने सोमवार को अदालत से सर्च वारंट प्राप्त किया। इसके बाद दोपहर में पटना के आवास और कार्यालय के साथ-साथ बेगुसराय स्थित पैतृक आवास पर एक साथ तलाशी शुरू की गई।
बेगुसराय के नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया वार्ड संख्या-37 स्थित पैतृक आवास में तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की जानकारी है। वहीं दोनों अधिकारियों के कार्यालयों में तलाशी के दौरान कोई बड़ी बरामदगी सामने नहीं आने की बात बताई गई है।
विजिलेंस का कहना है कि तलाशी के दौरान मिली नकदी, आभूषण, घड़ियों और अन्य चल-अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एजेंसी के मुताबिक, बरामदगी ने आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच को महत्वपूर्ण आधार दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।