
सीएसपी सेंटर से चोरी हुए 1.18 लाख रुपये शत-प्रतिशत बरामद, आरोपी घर में कपड़ों के नीचे छिपाकर रखे था रकम
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। महुआडीह थाना क्षेत्र के ग्राम सेखौना स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी की पूरी धनराशि 1 लाख 18 हजार रुपये बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर की रात ग्राम सेखौना के गोदाम चौराहा स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सीएसपी सेंटर में एक व्यक्ति पीछे की तरफ से छत के रास्ते दाखिल हुआ। इसके बाद उसने अंदर लगे दरवाजे और कैश काउंटर का लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब 1.18 लाख रुपये चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने पर महुआडीह थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 8 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर इजरही माफी मोड़ के पास से मकसूद अली (19) पुत्र आलम अली निवासी ग्राम इजरही, थाना महुआडीह को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के ऊपरी कमरे में चारपाई पर रखे कपड़ों के नीचे छिपाकर रखी गई चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली। बरामद धनराशि में 500 रुपये के 235 नोट, 100 रुपये के तीन नोट और 200 रुपये का एक नोट शामिल है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अंकित यादव, कांस्टेबल सूरज सिंह कुशवाहा, सुभाष यादव, रामप्रदीप बिन्द, महिला आरक्षी शिवांगी यादव और कांस्टेबल सुप्रभात सिंह शामिल रहे।
