मां-बेटी की हत्या से मुस्तफाबाद में सनसनी, धारदार हथियार से हमला; एसपी ने पहुंचकर लिया जायजा
बलिया (राष्ट्र की परम्परा )
रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में गुरुवार सुबह मां-बेटी की हत्या की खबर से सनसनी फैल गई। 72 वर्षीय मां का शव घर के अंदर मिला, जबकि उनकी 22 वर्षीय दिव्यांग बेटी का शव घर के पास स्थित धान के खेत में खून से लथपथ पड़ा मिला। दोनों पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुस्तफाबाद गांव निवासी रामचीज की पत्नी मांती देवी (72) और उनकी बेटी गौरी (22) के शव मिलने की जानकारी गुरुवार सुबह ग्रामीणों को हुई। मांती देवी का शव घर के अंदर मिला, जबकि गौरी का शव घर के समीप धान के खेत में पड़ा था। गौरी दोनों आंखों से दिव्यांग बताई जा रही है। खेत में शव मिलने की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पाकर रसड़ा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल पर पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास किया। प्रथम दृष्टया दोनों पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।फिलहाल मां-बेटी की हत्या किसने और किस वजह से की, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के कारणों और संदिग्ध परिस्थितियों की पड़ताल में जुटी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
एक ही परिवार की मां-बेटी के शव मिलने की घटना से गांव में मातम और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
