शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के साथ शनिवार को थाना दोहरीघाट में आयोजित थाना समाधान दिवस में जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से अधिकारियों को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन किया जाए और नियमानुसार निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई और निस्तारण की प्रक्रिया से भी अवगत कराया जाए।उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि जिन मामलों में दोनों विभागों की संयुक्त भूमिका हो, उनका प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने भी पुलिस अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर त्वरित और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
