जिला स्तरीय पीपीटी चैंपियनशिप में 24 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, स्वर्णिमा प्रथम और शिव प्रकाश द्वितीय रहे

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अंतर्गत जनपद स्तरीय पीपीटी चैंपियनशिप का आयोजन प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद के सभागार में किया गया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता की थीम ‘जनसांख्यिकीय लाभांश एवं मानव पूंजी विकास’ रही।
प्रतियोगिता में जनपद के मूल निवासी 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 24 युवाओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने निर्धारित विषय पर पीपीटी के माध्यम से अपने विचार और प्रस्तुतियां रखीं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. मनोज कुमार वर्मा, हीरालाल रामनिवास पीजी कॉलेज संतकबीरनगर, डॉ. आनंद कुमार पाण्डेय, राजकीय महाविद्यालय खलीलाबाद और श्रीमती पूनम उपाध्याय, प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय शामिल रहीं।
निर्णायक मंडल के समग्र मूल्यांकन में स्वर्णिमा यादव ने प्रथम, शिव प्रकाश शर्मा ने द्वितीय और सर्वेश्वर त्रिपाठी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही छह प्रतिभागियों का चयन टीम ए और टीम बी के रूप में प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया।
समापन अवसर पर प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने चयनित प्रतिभागियों को आगे की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
आगत अतिथियों का स्वागत क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रितेश वर्मा ने किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी सीमा पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर रितेश त्रिपाठी, विनोद कुमार मिश्रा, दीपक सिंह, मनीष कुमार, ममता शुक्ला, सुनीता गौतम, शाहिदा खान, जिज्ञासा पाण्डेय, प्रिया श्री, पूनम वर्मा, संतोष गौंड, अजय कुमार सहित शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।