परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने और कानूनी कार्रवाई से किया इनकार, पुलिस ने दी जानकारी

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। बरहज नगर में रविवार को एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान पुराना बरहज पश्चिमी लक्षन बैठा निवासी रामू चौहान (21) पुत्र प्रेमचंद चौहान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रामू अपने जुड़वां भाई के साथ रहता था। परिजनों के अनुसार, उसकी एक युवती से अच्छी पहचान थी। रविवार को परिवार के सदस्य लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के लिए सरयू घाट गए हुए थे। इसी दौरान घर में रामू संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला। उसे देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।परिजन रविवार शाम करीब 7:30 बजे उसे उपचार के लिए सीएचसी बरहज ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।इस संबंध में थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि मृतक के परिजन किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से भी स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया है। युवक की मौत के कारणों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।