एसटीएफ लखनऊ की टीम ने की कार्रवाई, सिकंदरपुर क्षेत्र के रुद्रवार गांव का निवासी है आरोपी

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की लखनऊ इकाई ने फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की टीम ने बलिया के नगरा थाने में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।एसटीएफ के उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 12 नवंबर को सूरत शहर के पांडेसरा थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनगर आशापुरी सोसाइटी-02, गोवलनगर रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसका न्यू सिविल हॉस्पिटल एवं गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, सूरत में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।इसके बाद आरोपी को सूरत की नौवीं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 नवंबर को दोपहर दो बजे तक का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त हुआ। इसके बाद एसटीएफ की टीम उसे लेकर बलिया पहुंची।गिरफ्तार अभियुक्त मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के रुद्रवार गांव का निवासी है। उसके खिलाफ नगरा थाने में गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3(1) के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, उसके आपराधिक इतिहास में चोरी और चोरी के माल की बरामदगी से जुड़े चार अन्य मुकदमे भी शामिल हैं। इनमें दो मामले नगरा थाने और दो बलिया कोतवाली में दर्ज हैं।इस तरह आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गुजरात के सूरत में छिपकर रह रहे इनामी अभियुक्त की गिरफ्तारी को एसटीएफ की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।