पूजन सामग्री की खरीदारी से गुलजार हुआ बरहज का बाजार, जाम से राहगीर परेशान

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर में उत्साह का माहौल दिखाई देने लगा है। सुबह से ही छठ पर्व की तैयारियों में श्रद्धालु जुट गए। थाना घाट, कुटी घाट, सीता घाट सहित नगर के विभिन्न घाटों और जलाशयों पर व्रती महिलाओं एवं उनके परिजनों ने पूजा के लिए बेदियां बनानी शुरू कर दीं। घाटों पर सुबह से ही साफ-सफाई, सजावट और पूजा स्थलों को व्यवस्थित करने का कार्य चलता रहा।व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचकर अपनी पूजा का स्थान निर्धारित कर रही हैं। इसके बाद विधि-विधान से छठी मईया की पूजा के लिए बेदियां तैयार की जा रही हैं। इस बार घाटों को आकर्षक ढंग से सजाने की तैयारी भी की जा रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि छठ महापर्व पर इस बार घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए नगर पालिका प्रशासन की ओर से भी साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों को तेज कर दिया गया है।उधर, छठ पूजा की खरीदारी को लेकर नगर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। फल, फूल, सूप, दौरी, गन्ना, नारियल, अदरक, ठेकुआ बनाने की सामग्री और पूजन सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही। मुख्य बाजार सहित नगर की प्रमुख सड़कें छठ पर्व की खरीदारी करने पहुंचे लोगों से गुलजार रहीं।बाजार में बढ़ी भीड़ का असर यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। मुख्य बाजार, थाना रोड और घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम से निपटने के लिए पुलिस की ओर से विभिन्न स्थानों पर जवानों की तैनाती की गई है, लेकिन खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था संभालना चुनौती बना हुआ है। महापर्व को लेकर पूरे नगर में भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।