वायरल वीडियो में तीन युवक पिस्टल और 12 बोर के कट्टे से करते दिखे फायरिंग, धार्मिक आयोजन के दौरान असलहों का प्रदर्शन बना चर्चा का विषय
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। पीपीगंज थाना क्षेत्र में लक्ष्मी पूजा के दौरान खुलेआम असलहों से फायरिंग करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में तीन युवक पिस्टल और 12 बोर के कट्टे से फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। घटना 7 नवंबर 2026 की शाम की बताई जा रही है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा अभी फरार है।पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान संजू गौड़, संदीप पासवान और पंकज पासवान उर्फ सुधीर पासवान के रूप में हुई है। तीनों पीपीगंज थाना क्षेत्र के भीटी तिवारी गांव के निवासी बताए गए हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संजू गौड़ और संदीप पासवान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।वहीं, तीसरे आरोपित पंकज पासवान उर्फ सुधीर पासवान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। धार्मिक आयोजन के दौरान सार्वजनिक रूप से असलहों का प्रदर्शन और फायरिंग किए जाने की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इस तरह की हरकत से आम नागरिकों की जान-माल को खतरा पैदा हो सकता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि वायरल वीडियो में तीन युवक फायरिंग करते नजर आ रहे हैं, ऐसे में फरार तीसरे आरोपित को भी जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह दहशत फैलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।इस संबंध में पीपीगंज थानाध्यक्ष राकेश रौशन ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरे आरोपित की तलाश जारी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
