डीएम ने खलीलाबाद में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 130 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 22 का मौके पर निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने खलीलाबाद तहसील में फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खलीलाबाद तहसील में डीएम की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में 54 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें छह का मौके पर निस्तारण कराया गया, जबकि तीन मामलों में स्थलीय जांच के लिए टीम भेजी गई। शेष शिकायतें संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में तत्परता के साथ पारदर्शिता भी बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए थानाध्यक्षों को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व से जुड़े विवादों में संबंधित राजस्व अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण पर जोर दिया।
धनघटा तहसील में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 23 शिकायतें आईं। इनमें 10 का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयसीमा के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एडीएम ने भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, वरासत और खतौनी की त्रुटियों से जुड़ी शिकायतों की मौके पर जांच कर दोनों पक्षों को सुनने के बाद नियमानुसार निस्तारण करने को कहा। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह मौजूद रहे।
मेंहदावल तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। यहां 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह का मौके पर निस्तारण कराया गया। तीन मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजी गई। सीडीओ ने अधिकारियों को दोनों पक्षों की बात सुनकर निष्पक्ष जांच के आधार पर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।