डीएम मधुसूदन हुल्गी ने अधिकारियों को पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। तहसील बरहज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में दिव्यांग महिलाओं को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ट्राइसाइकिल दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके साथ ही उन्हें रोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आवेदन भी कराया गया।ट्राइसाइकिल और रोजगार के लिए आवेदन करने वाली दोनों महिलाएं बरहज विकासखंड की निवासी हैं। इनमें ग्राम खोरी की आस्मिता खातून तथा ग्राम जयनगर के बारी टोला की सविता कुमारी शामिल हैं। दोनों महिलाओं का पंजीकरण कराकर संबंधित योजनाओं के तहत लाभ दिलाने की पहल की गई।इसी क्रम में विकासखंड भलुअनी के दो दिव्यांगजनों का भी ट्राइसाइकिल एवं रोजगार के लिए आवेदन कराया गया। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा देने के साथ ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र दिव्यांगजनों के आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए और उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।