उत्कृष्ट प्रदर्शन पर शासन ने 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि की स्वीकृति, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में बेहतर काम का मिला लाभ

संतकबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। प्रदेश में विकास कार्यों के प्रदर्शन को लेकर जारी रैंकिंग में संतकबीर नगर जिले के बघौली विकासखंड ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश के 108 आकांक्षात्मक विकासखंडों में बघौली को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में विकासखंड को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि स्वीकृत की है। इस उपलब्धि से जिले का मान बढ़ा है और विकासखंड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।उत्तर प्रदेश शासन की क्रिटिकल गैप योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में विकासखंडों के प्रदर्शन के आधार पर यह रैंकिंग निर्धारित की गई। मार्च 2025 से मार्च 2026 तक की विकास संबंधी प्रगति का मूल्यांकन करते हुए जारी ओवरऑल डेल्टा रैंकिंग में बघौली ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया।बघौली की इस सफलता में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं उससे जुड़ी सेवाओं, आधारभूत ढांचे तथा सामाजिक विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और सरकारी विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम रैंकिंग में देखने को मिला।खंड विकास अधिकारी अर्जित प्रकाश एवं मुख्यमंत्री फेलो डॉ. रंजीत कुमार ने इस उपलब्धि का श्रेय विकासखंड के सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन में योगदान देने वाले सभी कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और आपसी समन्वय का परिणाम है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि पुरस्कार राशि का उपयोग विकास कार्यों को और गति देने तथा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा।