
बलिया (राष्ट्र की परम्परा )आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर में मंगलवार की शाम उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब हॉस्पिटल रोड से पावर हाउस जाने वाले मार्ग पर अच्छय हॉस्पिटल के समीप दो छोटी बच्चियां लावारिस हालत में मिलीं। जिनकी उम्र 2 साल और 3 साल की है बच्चियों को अकेले देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना डायल 100 पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चियों को अपने संरक्षण में लेकर सिकंदरपुर पुलिस चौकी पहुंचाया। पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से बच्चियों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक उनकी पहचान नहीं हो सकी थी। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां अपना नाम, गांव, पता और पिता का नाम तक नहीं बता पा रही हैं। ऐसे में उनके परिजनों तक पहुंचने में पुलिस को परेशानी हो रही है। फिलहाल दोनों बच्चियां सिकंदरपुर पुलिस चौकी परिसर में सुरक्षित हैं। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ ही बच्चियों के परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। क्षेत्रीय लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई इन बच्चियों को पहचानता हो या उनके परिवार के संबंध में जानकारी रखता हो तो तत्काल सिकंदरपुर पुलिस चौकी को सूचित करे, ताकि बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।
