पीस कमेटी की बैठक में डीएम-एसपी ने दिए निर्देश, छठ घाटों और विसर्जन स्थलों पर रहेगी विशेष व्यवस्था

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। दीपावली, छठ सहित आगामी त्योहारों को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाई-चारे के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव सिंह सोंगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान परंपराओं और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार समाज में प्रेम, एकता और भाई-चारे का संदेश देते हैं। ऐसे में सभी लोग शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व मनाएं। किसी भी दशा में गैर परंपरागत आयोजन न किया जाए। धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के आयोजक प्रशासन की ओर से निर्धारित रूट चार्ट और समय-सारिणी का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन से आमजन को परेशानी न हो और सामाजिक सौहार्द बना रहे, इसकी जिम्मेदारी आयोजकों की भी है।
डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संयुक्त रूप से पीस कमेटी की बैठक कर स्थानीय समस्याओं का समय रहते समाधान कराएं। दीपावली से जुड़े आयोजनों और छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर साफ- सफाई, यातायात, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें।आयोजकों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करें और समय रहते जरूरी इंतजाम सुनिश्चित कराएं।
विद्युत सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि सभी विद्युत खंभों और तारों का सर्वे कराएं। जर्जर तथा लटकते तारों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि पर्व के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो। साथ ही निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। छठ घाटों और मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा कर्मियों तथा मेडिकल टीम की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर घाटों, संपर्क मार्गों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि अगले एक महीने तक लगातार त्योहारों का सिलसिला रहेगा। ऐसे में शांति और कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ आम नागरिकों का सहयोग भी बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि डीजे संचालकों को पहले ही निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए नोटिस जारी किए जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में किसी भी छोटी घटना या विवाद की सूचना मिलने पर तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करें। किसी भी मामले को नजरअंदाज न किया जाए, जिससे छोटी घटना आगे चलकर बड़ी समस्या का रूप ले। एसपी ने पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ ड्यूटी करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी की जवाबदेही तय की जाएगी। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए, ताकि महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ अराजक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
बैठक में विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे तथा स्थानीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। इस दौरान दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि दीपावली, छठ सहित सभी आगामी त्योहारों को आपसी सद्भाव, सहयोग और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन और पुलिस को पूरा सहयोग देने की बात कही।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी संबंधित एसडीएम, सीओ, प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के धर्मगुरु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहें।