न्यायालय के आदेश पर सुरौली साइबर पुलिस टीम ने खाते में वापस कराई धनराशि

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरिया जिले के सुरौली थाने की साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति की 5,355.72 रुपये की धनराशि वापस कराई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।पुलिस के अनुसार, सुरौली थाना क्षेत्र के जोकहा निवासी प्रेमचन्द चौरसिया ने 20 सितंबर 2026 को साइबर ठगी के संबंध में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद सुरौली साइबर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठगी की धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर 5,355.72 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए गए।धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने सुरौली साइबर पुलिस टीम की त्वरित एवं सराहनीय कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद दिया।इस कार्रवाई में सुरौली थानाध्यक्ष अविनाश मौर्य, साइबर प्रभारी संतोष कुमार सिंह, आरक्षी इमरान अंसारी, आरक्षी जसवंत यादव और महिला आरक्षी शालिनी मिश्रा शामिल रहे।देवरिया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल इसकी सूचना दें। साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार, समय रहते शिकायत करने से ठगी की धनराशि को होल्ड कराने और वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ जाती है।