भागलपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मईल थाना क्षेत्र के पिंडी-भागलपुर मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क के समीप एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलिया दक्षिण निवासी करीब 35 वर्षीय जितेंद्र राजभर पुत्र विजय राजभर के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब आठ से नौ बजे के बीच स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे सागवान के पेड़ के पास युवक का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मईल थाना प्रभारी विकास नाथ और भागलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। घटनास्थल पर जांच-पड़ताल के साथ फॉरेंसिक टीम की जांच का इंतजार किया जा रहा था।बताया जाता है कि जितेंद्र राजभर पेंटिंग का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी कांति देवी, 14 वर्षीय पुत्र सत्यम, 12 वर्षीय पुत्री सरोज और सात वर्षीय पुत्री सोनम हैं। परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य की अचानक मौत की खबर से घर में मातम छा गया। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी और बच्चों का विलाप देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।वहीं, मृतक के परिजनों ने मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर घटना की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।