
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। आमजन की सुरक्षा और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जनपदभर में ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ एवं ‘एंटी रोमियो चेकिंग’ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सुबह से ही पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने पार्कों और सड़कों पर मॉर्निंग वॉक कर रहे महिला एवं पुरुष नागरिकों से संवाद किया। पुलिसकर्मियों ने उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।वहीं, पुलिस टीमों ने बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली। उन्हें हरसंभव सहायता और सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस की इस पहल से बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया।अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच भी की गई। सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती। नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी गई, जबकि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में आने-जाने वाली बालिकाओं से संवाद किया। उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा के बारे में बताते हुए किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना नहीं, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करना तथा महिलाओं, बालिकाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। पुलिस विभाग के अनुसार ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ और एंटी रोमियो चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
