
उतारने से जेल पहुंचाने तक की पूरी कहानी, पूर्व आईपीएस का व्यक्तिगत अनुभव और पुलिस-प्रशासन की जवाबदेही पर उठेंगे सवाल
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। रेलवे स्टेशन पर आधी रात को ट्रेन से उतारे जाने से लेकर जेल की सलाखों के पीछे बिताए गए समय तक की कहानी अब किताब के रूप में पाठकों के सामने आने वाली है। पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर की पुस्तक ‘शाहजहाँपुर से देवरिया: रेलवे स्टेशन से जेल तक’ का शीघ्र ही प्रकाशन किया जा रहा है। इस पुस्तक को लेकर इसलिए भी उत्सुकता है, क्योंकि इसका मूल लेखन देवरिया जेल में किया गया था और अब मूल हस्तलिखित पांडुलिपि को प्रकाशित किया जा रहा है।
आधी रात से जेल तक का घटनाक्रम अमिताभ ठाकुर के अनुसार, पुस्तक में 9 दिसंबर 2025 की रात से शुरू हुए घटनाक्रम का विस्तृत विवरण है। उनके मुताबिक, रात करीब 1:30 बजे उन्हें शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशन पर लखनऊ–नई दिल्ली एसी एक्सप्रेस से उतारा गया। इसके बाद उन्हें देवरिया लाया गया और 10 दिसंबर की शाम करीब 4 बजे देवरिया जेल पहुंचाया गया। पुस्तक में इस पूरी घटना, उससे जुड़े घटनाक्रमों, अपने अनुभवों और परिस्थितियों के बारे में उनके व्यक्तिगत विश्लेषण को शामिल किया गया है।
जेल में लिखी पांडुलिपि, अब पाठकों के सामने इस पुस्तक की खास बात यह है कि इसका मूल लेखन देवरिया जेल में हुआ। अब लेखक की मूल हस्तलिखित पांडुलिपि को मूल घटनाओं, विचारों और विश्लेषण में कोई बदलाव किए बिना प्रकाशित करने की बात कही गई है। प्रकाशन के अंग्रेजी विवरण के अनुसार, केवल स्पष्ट व्याकरण, वर्तनी और भाषा संबंधी त्रुटियों में सुधार किया जाएगा। इस तरह पाठकों को लेखक के मूल लेखन और उस समय के अनुभवों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
मानवाधिकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठेंगे सवाल अमिताभ ठाकुर के अनुसार, यह पुस्तक महज उनकी व्यक्तिगत कहानी नहीं है। इसमें मानवाधिकारों की स्थिति, पुलिस की कार्यप्रणाली, पुलिस शक्तियों के इस्तेमाल, कानूनी प्रक्रियाओं, प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता जैसे गंभीर विषयों को भी उठाया गया है। ये ऐसे मुद्दे हैं, जिनका संबंध केवल किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि कानून के शासन और नागरिक अधिकारों से भी है।
सार्वजनिक विमर्श को नई दिशा देने की कोशिश लेखक का कहना है कि पुस्तक के माध्यम से वे अपने अनुभवों और उनसे जुड़े सवालों को सार्वजनिक विमर्श के सामने रखना चाहते हैं। उनका उद्देश्य कानून के शासन, मानवाधिकारों और संस्थागत जवाबदेही से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा को प्रोत्साहित करना है।
अब देखना यह होगा कि जेल में लिखी गई यह पुस्तक पाठकों और सार्वजनिक विमर्श के बीच किस तरह की प्रतिक्रिया पैदा करती है। फिलहाल इसके शीघ्र प्रकाशन की घोषणा ने इसे चर्चा का विषय बना दिया है।
