बैंकाक से सोना लाकर बेचने जा रहे थे आरोपी, छह अन्य वांछितों की तलाश में जुटी पुलिस
गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)
बैंकाक से तस्करी कर लाए गए करीब 1.30 करोड़ रुपये के सोने को ठिकाने लगाने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोने के आभूषण लूटे जाने की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई, लेकिन जांच में पूरी कहानी की पोल खुल गई। शातिर आरोपियों ने सोने की दो चेन और एक कड़े पर चांदी की परत चढ़ाकर उसकी असलियत छिपाने का इंतजाम किया था। पुलिस ने कौव्वाबाग अंडरपास के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 960 ग्राम सोने के आभूषण और दो लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े छह अन्य आरोपी अभी वांछित हैं।
पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में बुधवार को प्रेसवार्ता कर एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि गोला थाना क्षेत्र के झरकट निवासी आशुतोष शुक्ला ने 22 नवंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि बैंकाक से सोने के आभूषण लेकर गोरखपुर पहुंचने के बाद रास्ते में उसके साथ लूट हो गई। उसने बताया था कि कोलकाता से विमान के जरिए गोरखपुर पहुंचने के बाद एयरपोर्ट से कलेक्ट्रेट होते हुए रोडवेज बस स्टेशन जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोग पहुंचे और सोने के आभूषण छीनकर फरार हो गए।
सूचना पर कैंट पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला संदिग्ध नजर आने लगा। पुलिस ने आशुतोष के बताए घटनाक्रम और उसकी गतिविधियों की पड़ताल की। इसी दौरान जानकारी मिली कि आशुतोष अपने सहयोगी सुनील मिश्रा के साथ कथित तौर पर लूटे गए सोने को बेचने के लिए घंटाघर स्थित सोना मंडी जा रहा है। पुलिस और एसओजी की टीम ने कौव्वाबाग अंडरपास के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में आशुतोष के कब्जे से सोने की दो चेन और एक लाख रुपये नकद मिले, जबकि सुनील मिश्रा के पास से सोने का एक कड़ा और एक लाख रुपये बरामद हुए।
बरामद आभूषणों का कुल वजन करीब 960 ग्राम और अनुमानित कीमत लगभग 1.30 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपियों ने सोने की पहचान छिपाने के लिए चेन और कड़े पर चांदी की परत चढ़ा रखी थी। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने तस्करी के सोने को लेकर लूट की झूठी सूचना देने और पुलिस को गुमराह करने की बात स्वीकार की है। जिस सोने को लूटे जाने की कहानी सुनाई गई थी, उसी सोने को दोनों बेचने के लिए मंडी ले जा रहे थे।
पुलिस ने इस मामले में आशुतोष शुक्ला पुत्र कमलाकांत शुक्ला निवासी झरकट थाना गोला और सुनील मिश्रा पुत्र जगदीश मिश्रा निवासी बड़गो हाटा बाजार थाना गगहा को गिरफ्तार किया है। वहीं, तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कृष्णकांत पुत्र वशिष्ठ मुनि निवासी मऊखुर्द थाना बांसगांव, चंदन तिवारी पुत्र प्रेम नरायन तिवारी निवासी छपिया थाना बड़हलगंज, सोने का मालिक दीपक तिवारी, आयुष उर्फ निखिल, प्रियांशु त्रिपाठी और हिमांशु त्रिपाठी वांछित हैं। पुलिस इन सभी की तलाश कर रही है। इनके पकड़े जाने पर बैंकाक से सोना भेजने और गोरखपुर में उसकी बिक्री कराने वाले पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
इस मामले में कैंट थाने में मुकदमा संख्या 643/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 217, 318(4) और 317(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आशुतोष शुक्ला के खिलाफ वर्ष 2017 में गोला थाने में मारपीट समेत अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज रहा है।
कार्रवाई में कैंट पुलिस और एसओजी की टीम शामिल रही। पुलिस अब बैंकाक से सोने की खेप भेजने वाले लोगों, स्थानीय स्तर पर उसे हासिल करने वालों और बिक्री कराने वाले नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही है। लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को भटकाने की कोशिश करने वाले आरोपियों का खेल जांच में उजागर हो गया है। प्रेस वार्ता में सहायक पुलिस अधीक्षक /सीओ कैन्ट अरुणकुमार एस इंस्पेक्टर कैंट जितेन्द्र कुमार सिंह मौजूद रहे गिरफ्तार करने वालो में उप निरीक्षक रवि प्रकाश कुंवर चौकी प्रभारी रेलवे धनश्याम उपाध्याय चौकी प्रभारी कलेक्ट्रेट नवीन राय चौकी प्रभारी इंजीनियरिंग कॉलेज और एसओजी टीम रही।
