हादसे के बाद रोकने की कोशिश कर रहे ऑटो चालक को कुचलकर फरार हुआ चालक, जिला अस्पताल में तोड़ा दम

परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था वीरेंद्र, एक बेटी की शादी थी बाकी,घर में मचा कोहराम

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सड़क पर टक्कर मार कर भागने की कोशिश और विरोध करने पर किसी की जान की परवाह किए बिना उसे पहियों तले कुचल देना… भिटौली थाना क्षेत्र के पकड़ी दीक्षित गांव के पास मंगलवार को हुई घटना ने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर दिया। आरोप है कि पहले तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सवारी लेकर जा रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद ऑटो चालक ने जब ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की तो चालक ने उनके दोनों पैरों पर पहिया चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक वीरेंद्र (55) ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से घर में मातम पसरा है। वहीं, एक बेटी की शादी की जिम्मेदारी अधूरी रह गई।
जानकारी के अनुसार भिटौली थाना क्षेत्र के चौपरिंया निवासी वीरेंद्र ऑटो चला कर परिवार का भरण- पोषण करते थे। मंगलवार को वह ऑटो में सवारी लेकर परतावल-पुरैना मार्ग से गुजर रहे थे। पकड़ी दीक्षित गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनके ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वीरेंद्र ने ट्रैक्टर चालक को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने रुकने के बजाय उनके दोनों पैरों पर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ा दिया और घटनास्थल से फरार हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन शव लेकर सीएचसी परतावल पहुंच गए। परतावल चौकी प्रभारी अनीश कुमार सिंह की सूचना पर भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
वीरेंद्र परिवार के एक मात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। एक बेटी की शादी अभी होनी बाकी थी। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी के साथ बेटी की शादी की चिंता भी खड़ी हो गई है। जिस व्यक्ति के सहारे परिवार का भविष्य टिका था, उसके यूं चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि परतावल-पुरैना मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
भिटौली पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।