
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में सदर तहसील के जंगल कौड़िया ब्लॉक अंतर्गत मीरपुर ग्राम सभा में प्रभारी प्रधानाचार्य रंजू सिंह घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को जनगणना की प्रक्रिया और उसके महत्व के प्रति जागरूक कर रही हैं। वह लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया समझाने के साथ ही निर्धारित समयावधि में सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित कर रही हैं।जनगणना के प्रथम चरण में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया निर्धारित है। इस दौरान नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपने मकान और परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद एक दिसंबर से मकान सूचीकरण एवं जनगणना का कार्य शुरू होकर चार जनवरी 2027 तक चलेगा। इस अवधि में जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचकर निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से मकानों, परिवारों और आवासीय सुविधाओं से जुड़ी जानकारियां एकत्र करेंगे।प्रभारी प्रधानाचार्य रंजू सिंह ग्रामीणों को बता रही हैं कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास की योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। इसके माध्यम से जनसंख्या, परिवारों की स्थिति, आवासीय सुविधाओं और सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण और जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी बनाने का कार्य करती है।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे निर्धारित समय के भीतर स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करें और घर पहुंचने वाले जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना की सफलता प्रत्येक परिवार की सहभागिता पर निर्भर करती है। सही आंकड़े उपलब्ध होने से गांव से लेकर देश तक विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से तैयार करने में मदद मिलती है।मीरपुर ग्राम सभा में रंजू सिंह की ओर से घर-घर पहुंचकर चलाया जा रहा जागरूकता अभियान ग्रामीणों को जनगणना के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रहा है। उनका प्रयास है कि जनगणना कर्मियों के गांव पहुंचने से पहले ही प्रत्येक परिवार इस राष्ट्रीय कार्य की प्रक्रिया और अपनी जिम्मेदारी से भलीभांति परिचित हो जाए।
