चौरीचौरा/गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई किए जाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन चौरीचौरा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर में कथित रूप से हो रहा अवैध खनन इन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है। क्षेत्र में जेसीबी मशीन के माध्यम से बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई किए जाने की सूचना सामने आई है। इसको लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है।स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर क्षेत्र में जेसीबी लगाकर लगातार मिट्टी की खुदाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस कार्य में इस्तेमाल की जा रही जेसीबी अंकित यादव की है। हालांकि, मशीन के स्वामित्व और खनन से संबंधित अनुमति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।ग्रामीणों का सवाल है कि यदि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खनन किया जा रहा है तो संबंधित विभागों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ रही है? खनन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अवैध खनन पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ ही पर्यावरण और आसपास के क्षेत्रों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।मामले को लेकर अब जिला प्रशासन और खनन विभाग की भूमिका पर निगाहें टिकी हैं। स्थानीय लोगों ने पहाड़पुर में हो रही मिट्टी की खुदाई की निष्पक्ष जांच कराने, खनन की वैधता की पड़ताल करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब संज्ञान लेता है और जांच के बाद क्या कदम उठाए जाते हैं।