हर बूथ पर 140 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य, युवा और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंडलायुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर इंद्र विक्रम सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर औसतन 140 नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एआरओ) के साथ अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलने वाले विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत प्राप्त दावे-आपत्तियों, नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाए।मंडलायुक्त ने ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची का विधानसभा निर्वाचक नामावली से मिलान कराने के निर्देश दिए। दोनों सूचियों में अंतर पाए जाने पर पात्र नागरिकों को चिह्नित कर उनका फार्म-06 भरवाया जाए। उन्होंने कहा कि 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। साथ ही महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि मतदाता सूची में महिला और पुरुष मतदाताओं का अनुपात निर्धारित मानकों के अनुरूप हो सके।इससे पूर्व मंडलायुक्त ने पनियरा विधानसभा क्षेत्र के छाती राम स्थित बूथ संख्या-307 का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसी भी राजनीतिक दल का बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) उपस्थित नहीं मिला। इस पर उन्होंने चिंता जताते हुए राजनीतिक दलों को प्रत्येक बूथ पर बीएलए नामित करने और बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची पुनरीक्षण में सक्रिय सहयोग देने के निर्देश दिए।इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर का निरीक्षण कर शिकायत पंजिका में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा की। वोटर आईडी से संबंधित शिकायतकर्ता अमित कुमार यादव से फोन पर बातचीत कर शिकायत के निस्तारण की जानकारी ली। शिकायतकर्ता ने कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेकर समाधान की वास्तविक स्थिति भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें। नाम दर्ज नहीं होने की स्थिति में फार्म-06 के माध्यम से आवेदन करें। निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 तथा निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग किया जा सकता है।बैठक में डीआईजी शिवासिल्पा जिन्नपा, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार सहित सभी ईआरओ, एआरओ और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।