
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के तहत कक्षा छह में प्रवेश के लिए विकासखंड चितरंगी के तीन परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में कुल पंजीकृत 1,293 परीक्षार्थियों में से 997 शामिल हुए, जबकि 296 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार लगभग 77 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।परीक्षा के लिए बनाए गए तीनों केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा आयोजित की गई। शासकीय सांदीपनि मॉडल विद्यालय चितरंगी में पंजीकृत 360 परीक्षार्थियों में से 273 उपस्थित और 87 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चितरंगी में 477 में से 367 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 110 अनुपस्थित रहे। वहीं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी में 456 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 357 उपस्थित और 99 अनुपस्थित रहे।परीक्षा के सुचारु एवं पारदर्शी संचालन के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय की ओर से तीनों केंद्रों पर केंद्रीय पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई थी। कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में परमानंद राठौर, सांदीपनि मॉडल विद्यालय में प्रदीप चंद्राकर तथा उत्कृष्ट विद्यालय में शिवपूजन प्रसाद ने केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में जिम्मेदारी निभाई।विकासखंड शिक्षा अधिकारी मिश्रीलाल सिंह ने तीनों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चितरंगी के प्राचार्य जेजे भारती ने कहा कि नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करती है। उनके केंद्र पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और परीक्षार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दी।वहीं शासकीय सांदीपनि मॉडल विद्यालय चितरंगी के प्राचार्य अशोक सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रहीं। परीक्षार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय में प्रवेश मिलने से ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने और भविष्य संवारने का बेहतर अवसर मिलता है।कुल मिलाकर तीनों केंद्रों पर परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई।
