संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। स्थानीय पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज, खलीलाबाद में छात्राओं को बाल संरक्षण, कानूनी अधिकार और लैंगिक अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए ‘पॉक्सो एक्ट जागरूकता अभियान एवं बचपन बचाओ, अपने अधिकार जानो’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट)-2012 के प्रावधानों के साथ सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या शाह और अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट कृष्ण कुमार ने छात्राओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने पॉक्सो एक्ट के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों के कानूनी अधिकारों, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव तथा शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल आवाज उठाने के संबंध में जानकारी दी।
विशेष न्यायाधीश कृष्ण कुमार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं से किसी भी अप्रिय घटना को छिपाने के बजाय माता-पिता, शिक्षक या किसी जिम्मेदार व्यक्ति को तत्काल जानकारी देने की अपील की।
विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या शाह ने निःशुल्क विधिक सहायता और कानूनी संरक्षण की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों को समझने और आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता लेने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के साथ सुरक्षित वातावरण में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि बचपन सुरक्षित होगा, तभी भविष्य सुरक्षित होगा।
कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान विद्यालय की शिक्षिकाएँ अनुराधा, सुमिता, सगुफ्ता, राजमणि, किरण, वंदना, कुसुम यादव, सविता यादव, अल्का श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ लिपिक अजीत, गंगाराम, यशवंत और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
