डीएलएड परीक्षा में नहीं चला नकल का खेल, 6,538 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा रविवार को कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले में बनाए गए सात परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। सीसीटीवी कैमरों के जरिए परीक्षा केंद्रों की निगरानी की गई, वहीं अधिकारियों ने व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी।
परीक्षा के लिए कुल 6,633 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6,538 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 95 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर नकल करते हुए कोई परीक्षार्थी नहीं पकड़ा गया।
डीएलएड परीक्षा के लिए जनता इंटर कॉलेज सोनूघाट, महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज, पी.एम.ओ.डी. राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बाबा राघवदास इंटर कॉलेज, लाला करमचंद थापर इंटर कॉलेज बरारी, अशोक इंटर कॉलेज डुमरी और जनता इंटर कॉलेज रामपुर कारखाना को केंद्र बनाया गया था।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था के माध्यम से निगरानी की गई। बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने सीसीटीवी के जरिए विभिन्न केंद्रों की व्यवस्थाओं और परीक्षा संचालन का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा को पारदर्शी एवं नकलविहीन बनाए रखने के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
परीक्षा के दौरान केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षक तथा विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम सक्रिय रही। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और किसी भी केंद्र से नकल की शिकायत या मामला सामने नहीं आया।
