
बढ़ते जलस्तर से बाढ़ का खतरा; प्रशासन अलर्ट
बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। प्रतिकूल मौसम के चलते अलग-अलग तहसीलों में तीन लोगों की मौत की सूचना सामने आई है। वहीं, नेपाल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों के साथ बहराइच में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है, जिससे कई क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात की आशंका बढ़ गई है।
जिला प्रशासन के मुताबिक महसी तहसील में पांच वर्षीय बच्चे, कैसरगंज तहसील में 42 वर्षीय महिला और नानपारा तहसील में 62 वर्षीय व्यक्ति की मौसम संबंधी घटनाओं में मौत हुई है। घटनाओं के बाद प्रशासन ने राहत एवं सहायता प्रक्रिया तेज कर दी है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए 48 घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाए। साथ ही अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर हालात का जायजा लेने और नदियों के जलस्तर पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने संभावित जलभराव और बाढ़ को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों और आम लोगों से अनावश्यक रूप से पानी में नहीं उतरने की अपील की गई है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने और अभिभावकों को जागरूक करने पर जोर दिया गया है।
भारी बारिश के कारण जिन इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है, वहां नगर निकायों के अधिकारियों को टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से राहत व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इससे पहले एहतियाती कदम के तहत जिले में नर्सरी से कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में शनिवार को अवकाश घोषित किया गया था। लगातार खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से मौसम और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
राष्ट्र की परम्परा के तरफ से अपने पाठकों के लिए जरूरी संदेश: बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। जलभराव वाले रास्तों से गुजरने में विशेष सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचना दें।
