गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां, जन-जन तक सेवा, हर दिल तक विश्वास’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नाटक के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण से जुड़े विषयों को रचनात्मक अंदाज में आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनते हैं।


कार्यक्रम में भाजपा के मंडल अध्यक्ष राम नरेश निषाद और जिला पंचायत सदस्य संगीता पासवान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. धनंजय पांडेय एवं अजय प्रकाश यादव के नेतृत्व में हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर डॉ. शशिकांत सिंह, डॉ. तरुण श्याम, डॉ. विकास सिंह, आयुष कुमार पाठक, डॉ. अमित उपाध्याय, डॉ. संदीप कुमार श्रीवास्तव, रवि निषाद, अनिल पटेल और डॉ. जय सिंह सहित फार्मेसी संकाय के शिक्षक मौजूद रहे। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित आईजीसी कैंप में शामिल कैडेट्स और पीआई अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
आयोजन के माध्यम से युवाओं को सेवा, संवेदनशीलता और सामूहिक सहभागिता के जरिए सामाजिक बदलाव में योगदान देने का संदेश दिया गया। विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नागरिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर रही है।