एक और टिकट काउंटर बढ़ाने की मांग, प्लेटफार्म पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की भी उठी आवाज

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। रुपईडीहा स्थित नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर इन दिनों यात्रियों की भीड़ बढ़ने से टिकट लेने में परेशानी हो रही है। टिकट वितरण के लिए मात्र एक काउंटर होने के कारण सुबह के समय यात्रियों की लंबी कतार लग जाती है। खासकर सुबह 8:20 बजे गोंडा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के समय सैकड़ों यात्री एक साथ टिकट लेने पहुंचते हैं।टिकट वितरक सुबह करीब सात बजे से टिकट वितरण के लिए उपलब्ध रहते हैं, लेकिन यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण सभी यात्रियों को समय से टिकट मिल पाना मुश्किल हो जाता है। टिकट वितरक फिरोज के अनुसार, ट्रेन छूटने के समय बड़ी संख्या में यात्री टिकट लेने पहुंचते हैं। कई यात्री 500 रुपये के नोट लेकर आते हैं, जिससे टिकट वितरण और छुट्टे पैसे की व्यवस्था में अतिरिक्त समय लगता है।यात्रियों और स्थानीय लोगों ने स्टेशन पर एक और टिकट काउंटर बढ़ाने की मांग की है, ताकि भीड़ कम हो और यात्रियों को समय से टिकट मिल सके।रुपईडीहा नगर पंचायत के सभासद रजा इमाम रिजवी, मनोज प्रजापति, ध्रुव राज वर्मा, रईस अहमद, जहीर अहमद और राजकुमार कसौंधन, व्यापार मंडल के संरक्षक संजय बंसल, अध्यक्ष शैलेश जायसवाल तथा दैनिक रेल यात्री संघ नेपालगंज रोड के अध्यक्ष जाफर इमाम रिजवी ने स्टेशन की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।उनका कहना है कि प्लेटफार्म पर चौपायों के स्वच्छंद विचरण के कारण गंदगी फैलती है। स्टेशन पर नियमित सफाई की उचित व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्राइवेट सफाईकर्मी द्वारा केवल सुबह के समय सफाई की जाती है। यात्रियों ने प्लेटफार्म पर नियमित सफाई व्यवस्था कराने और एक अतिरिक्त टिकट काउंटर शुरू करने की मांग की है।