Wednesday, May 13, 2026
HomeNewsbeatअवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, संयुक्त छापेमारी में दो...

अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, संयुक्त छापेमारी में दो वाहन सीज

पुरन्दरपुर पुलिस और राजस्व विभाग की कार्रवाई से खनन माफियाओं में मचा हड़कंप

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। थाना पुरन्दरपुर पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम झामट में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित मिट्टी खनन के खेल का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान मिट्टी लदी एक ट्रैक्टर- ट्रॉली तथा एक लोडर सहित ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खनन माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा जनपद भर में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी फरेन्दा के पर्यवेक्षण में थाना पुरन्दरपुर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम झामट में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
बताया जा रहा है कि प्रशासन को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंच कर छापेमारी की, जहां बिना अनुमति मिट्टी की खुदाई और परिवहन किया जा रहा था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, जिसमें मिट्टी लदी हुई थी, तथा एक ट्रैक्टर के साथ लोडर मशीन को कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और राजस्व टीम को देख कर कई लोग मौके से फरार हो गए। संयुक्त टीम ने दोनों वाहनों को थाना पुरन्दरपुर लाकर खड़ा कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। साथ ही पूरे मामले की रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए खनन विभाग को भी भेज दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध रूप से मिट्टी खनन कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अवैध मिट्टी खनन के कारण ग्रामीण सड़कों को भारी नुकसान पहुंच रहा था। भारी वाहनों के संचालन से सड़कें जर्जर हो रही थीं, वहीं खेतों और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। लोगों ने प्रशासन से नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने की मांग की है ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लग सके।
संयुक्त कार्रवाई में शामिल
राजस्व विभाग की टीम में
अंकित अग्रवाल, नायब तहसीलदार फरेंदा
सूरज कुमार, राजस्व लेखपाल फरेंदा
पुलिस टीम में
उप-निरीक्षक अजय यादव,उप-निरीक्षक देवेश प्रताप सिंह,कांस्टेबल सुनेन्द्र कुमार,कांस्टेबल आदित्य यादव,रिजर्व कांस्टेबल फिरोज
रिजर्व आरक्षी शुभम पाल शामिल रहें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments