गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)
सहजनवा थाना क्षेत्र के ग्राम भरपही में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संजय दत्त के रूप में हुई है। उनकी पत्नी वंदना ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव के ही संदीप गौड़ ने पारिवारिक विवाद के चलते उनके पति की गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना 9 मई की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है, जबकि मामले की सूचना 11 मई को पुलिस को दी गई। तहरीर के आधार पर सहजनवा थाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम पहले ही कराया जा चुका है। आरोपी संदीप गौड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
