
झारखंड में मौसम का कहर! तेज हवा में पेड़ और बिजली के पोल गिरे, स्कूल बस के सामने गिरा विशाल पेड़; आज KG से 12वीं तक स्कूल बंद
रांची (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र के असर से झारखंड में पिछले चार दिनों से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। शुक्रवार को भी राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज बारिश के साथ करीब 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तेज हवा और बारिश के कारण कई जगह पेड़ व बिजली के पोल गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
बारिश और तेज हवाओं के बीच एक स्कूल बस से जुड़ा वीडियो/घटना भी सामने आया, जिसमें बच्चों से भरी बस के आगे अचानक विशाल पेड़ गिर गया। बताया जा रहा है कि चालक ने समय रहते सतर्कता दिखाई, जिससे बस में सवार बच्चे सुरक्षित बच गए। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रांची में आज KG से 12वीं तक सभी स्कूल बंद
राजधानी रांची में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए शनिवार, 26 सितंबर को KG से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश के मुताबिक विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
यह आदेश सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालयों पर लागू होगा। मौसम विभाग के विशेष बुलेटिन में रांची को येलो अलर्ट वाले क्षेत्र में रखा गया है और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
हालांकि, यदि किसी विद्यालय में कोई अनिवार्य परीक्षा पहले से निर्धारित है, तो उसके आयोजन को लेकर संबंधित स्कूल अपने स्तर पर निर्णय ले सकेंगे।
रांची में 18 तो जमशेदपुर में 65 मिमी बारिश
लगातार बारिश और तेज हवाओं ने शुक्रवार को जनजीवन प्रभावित किया। रांची में रुक-रुककर करीब 18 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि जमशेदपुर में बारिश का आंकड़ा 65 मिमी तक पहुंच गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और उत्तरी छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश सीमा के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण का असर झारखंड के मौसम पर पड़ा है।
शनिवार को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भारी बारिश की चेतावनी दी है। रांची समेत अन्य इलाकों में भी सुबह के समय बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। हालांकि दोपहर के बाद बारिश और हवा की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।
मौसम में अपेक्षाकृत सुधार 27 सितंबर, रविवार से होने की उम्मीद जताई गई है।
झारखंड में सामान्य से 3 फीसदी कम बारिश
मॉनसून सीजन में 1 जून से 25 सितंबर तक झारखंड में कुल बारिश सामान्य से करीब 3 फीसदी कम दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश लगभग 992 मिमी मानी जाती है, जबकि अब तक करीब 962.6 मिमी बारिश हुई है।
इसके विपरीत राजधानी रांची में सामान्य से करीब 15 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा, पाकुड़, देवघर, गुमला, कोडरमा, साहिबगंज और हजारीबाग समेत कई जिलों में बारिश अभी भी सामान्य से कम है।
