Saturday, March 28, 2026
HomeNewsbeatहर वर्ष मेधावी छात्रों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करता है निजी विद्यालय

हर वर्ष मेधावी छात्रों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करता है निजी विद्यालय

सलेमपुर/देवरिया।(राष्ट्र की परम्परा)l विकासखंड सलेमपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत ठाकुर गौरी स्थित श्रीराम पब्लिक स्कूल द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल की जा रही है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रत्येक वर्ष मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्रों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद एवं होनहार बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
विद्यालय के प्रबंधक विकास गुप्ता एवं विनय गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके संस्थान को संचालित होते हुए लगभग 9 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। यह विद्यालय पूर्णतः ग्रामीण परिवेश में संचालित हो रहा है, जहां शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को भी समान अवसर देने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रतिवर्ष कक्षा अनुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों का चयन किया जाता है। चयनित छात्रों को पूरे एक वर्ष तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है, जिससे उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और वे आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।
इसी क्रम में आज विद्यालय में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। परिणाम के आधार पर प्री-प्राइमरी वर्ग से 3 छात्र, प्राइमरी वर्ग से 3 छात्र तथा जूनियर वर्ग से 3 छात्र—कुल मिलाकर 9 छात्रों को मेधावी के रूप में चयनित किया गया। इन सभी छात्रों को आगामी एक वर्ष तक विद्यालय द्वारा निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि इस पहल से न केवल बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं असहाय परिवारों के बच्चों की शिक्षा भी बाधित नहीं होती।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक विकास गुप्ता, उप-प्रधानाचार्य कमलेश कुशवाहा, शिक्षिका जया पांडेय, शिक्षक आरिफ अंसारी, नंदलाल सर, पूनम मैम, रिंकी मैम, अजीत सर सहित समस्त विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments