Saturday, March 28, 2026
HomeNewsbeatविदाई की दहलीज़ पर थमे कदम आंखों में सपने और दिल में...

विदाई की दहलीज़ पर थमे कदम आंखों में सपने और दिल में यादों का सैलाब

भागलपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)l भागलपुर ब्लॉक स्थित गोल्डन लाइफ चिल्ड्रन एकेडमी का प्रांगण उस समय भावनाओं से भर उठा, जब कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कक्षा 7 के नन्हे साथियों द्वारा बड़े स्नेह और सम्मान के साथ आयोजित किया गया, जिसने हर किसी के दिल को छू लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मधुर प्रस्तुतियों, गीत-संगीत और भावनाओं से भरे शब्दों ने पूरे वातावरण को भावुक बना दिया। हर प्रस्तुति में जूनियर छात्रों का अपने सीनियर्स के प्रति प्रेम, सम्मान और लगाव साफ झलक रहा था।
वार्षिक परीक्षा के समापन के बाद यह विदाई सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यादों का एक ऐसा कारवां बन गया, जिसमें हंसी के पल भी थे और बिछड़ने का दर्द भी। जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर्स को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रबंधक संतोष सैनी ने बच्चों को जीवन का मंत्र देते हुए कहा कि “अनुशासन, मेहनत और लगन से हर सपना साकार हो सकता है, बस लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए।”
वरिष्ठ अध्यापक राम प्रेम यादव ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि “आप जहां भी जाएंगे, विद्यालय का स्नेह और मार्गदर्शन हमेशा आपके साथ रहेगा।”
प्रहलाद प्रसाद ने कहा कि विद्यालय में सीखे गए संस्कार और अनुशासन जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। वहीं अमर साहनी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि “जहां भी जाओ, अपने गांव, अपने विद्यालय और अपने माता-पिता का नाम रोशन करना।”
कार्यक्रम के दौरान सौरभ शर्मा ने अपने गीतों के माध्यम से ऐसा भावुक संदेश दिया कि कई आंखें नम हो उठीं। उनके शब्दों में जैसे यह एहसास था कि साथ का यह सफर भले यहीं तक हो, लेकिन यादें हमेशा साथ रहेंगी।
प्रदीप कुमार मौर्य ने भावुक होकर कहा कि “शिक्षा और अनुशासन वह चाबी है, जो किस्मत के हर बंद दरवाजे को खोल देती है। आज गर्व भी है और एक हल्की सी उदासी भी, क्योंकि जिन बच्चों को हमने संभलना सिखाया, वे अब आगे बढ़ने के लिए इस आंगन से विदा ले रहे हैं।”
इस अवसर पर नाजिया खातून, प्रीति कालिंदी देवी, प्रिंस कुमार सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। सभी ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments