Tuesday, February 10, 2026
HomeNewsbeatविकास कार्यों की समीक्षा के लिए मंडल रेल प्रबंधक का विंडो ट्रेलिंग...

विकास कार्यों की समीक्षा के लिए मंडल रेल प्रबंधक का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा)। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने मंडल में माल यातायात को बढ़ावा देने की कार्य योजना के तहत मॉल टर्मिनलों की क्षमता वृद्धि एवं गुड्स शेडों के आधुनिकीकरण से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा के लिए सोमवार 09 फरवरी 2026 को भटनी–कुसम्ही रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कुसम्ही, सरदार नगर, चौरीचौरा, गौरीबाजार, बैतालपुर एवं नूनखार रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।
कुसम्ही रेलवे स्टेशन एवं कोल गुड्स शेड के निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने माल ढुलाई व्यवस्थाओं, लोडिंग-अनलोडिंग कार्य, सुरक्षा मानकों और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अनाधिकृत प्रवेश बंद करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, निष्प्रयोज्य विद्युत पोल व स्लीपर हटाने तथा परिचालनिक सुगमता के लिए गुड्स शेड में ट्रैक्शन (OHE) लाइन संख्या-5 और 6 की विद्युत सप्लाई अलग-अलग करने के निर्देश दिए।
कुसम्ही स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफार्मों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। स्टेशन भवन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के ऊपर हैलोजन लैंप लगाने तथा रिक्त कमरों में लोको पायलट व गार्ड के विश्रामालय और एक कक्ष में ट्रेन मैनेजमेंट सिस्टम (TMS) स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
सरदार नगर रेलवे स्टेशन एवं गुड्स साइडिंग के निरीक्षण में माल ढुलाई, साइडिंग सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन पर जोर दिया गया। गुड्स शेड की सुरक्षा पुख्ता करने, विद्युत प्रकाश बढ़ाने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्टेशन निरीक्षण के दौरान परिचालनिक व्यवस्था, स्टेशन पैनल, संरक्षा उपकरण, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए प्लेटफार्म संख्या-01 पर रखे निष्प्रयोज्य सामान को हटाने, प्लेटफार्म संख्या-02 की इलेक्ट्रिकल वायरिंग दुरुस्त करने और हाई-मास्ट लाइट बदलने के निर्देश दिए गए।
चौरीचौरा, गौरीबाजार, बैतालपुर एवं नूनखार स्टेशनों के निरीक्षण के दौरान परिचालनिक व्यवस्था, स्टेशन पैनल, संरक्षा उपकरण, बर्थिंग ट्रैक, पॉइंट्स जोन, स्टेशन भवन, सर्कुलेटिंग एरिया तथा यात्री सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया। प्लेटफार्म की सतह दुरुस्त करने, साफ-सफाई और रख-रखाव को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने केंद्रीकृत स्टेशन पैनल और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए परिचालन में संरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेंद्र पाल सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और स्टेशन कर्मी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments