Thursday, October 16, 2025
HomeUncategorizedबीजेपी पर संजय राउत का आरोप, बोले – नेहरू से नफरत में...

बीजेपी पर संजय राउत का आरोप, बोले – नेहरू से नफरत में स्टेशन नाम से हटाया पहला प्रधानमंत्री का जिक्र

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। राउत ने आरोप लगाया कि भाजपा को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से इतनी नफरत है कि मुंबई के वर्ली इलाके में नेहरू विज्ञान केंद्र के पास स्थित मेट्रो रेलवे स्टेशन के नाम में भी ‘नेहरू’ का नाम शामिल नहीं किया गया।

राउत ने कहा, “नेहरू विज्ञान केंद्र देश का गौरव है, लेकिन भाजपा की मानसिकता इतनी संकीर्ण है कि उन्होंने स्टेशन का नामकरण करते समय पहले प्रधानमंत्री का नाम तक नहीं लिया। यह केवल इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन के महान नेताओं के प्रति असम्मान नहीं, बल्कि देश की पहचान मिटाने का प्रयास है।”

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा लगातार स्वतंत्र भारत के इतिहास को बदलने और कांग्रेस के योगदान को कमतर दिखाने का प्रयास कर रही है। राउत ने मांग की कि संबंधित मेट्रो स्टेशन का नाम तुरंत बदलकर ‘नेहरू विज्ञान केंद्र’ के नाम से जोड़ा जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सही इतिहास की जानकारी मिल सके।

गौरतलब है कि वर्ली इलाके में नेहरू विज्ञान केंद्र एक प्रमुख शैक्षणिक और वैज्ञानिक संस्थान है, जहाँ बड़ी संख्या में विद्यार्थी और पर्यटक आते हैं। वहीं, मेट्रो स्टेशन का नामकरण मुद्दा अब राजनीतिक बहस का कारण बन गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments