दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में अचानक इमरजेंसी, पायलटों के बीच विवाद से मचा हड़कंप; हाईजैक की आशंका के बीच सुरक्षित लैंडिंग

तेल अवीव/दुबई (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। दुबई से तेल अवीव जा रही बोइंग 737 मैक्स फ्लाइट में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान ने अचानक इमरजेंसी घोषित कर दी और उत्तरी सऊदी अरब के ऊपर से वापस लौटने लगा। विमान के अचानक रूट बदलने के बाद इसे लेकर हाईजैकिंग की आशंका भी सामने आई और इजराइली सुरक्षा तंत्र सक्रिय हो गया।
इजराइली मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इमरजेंसी की सूचना मिलने के बाद इजराइली एयर फोर्स के लड़ाकू विमानों को यात्री विमान की ओर भेजा गया। हालांकि, बाद में विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और उसमें सवार सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई।
हाईजैकिंग की आशंका पर पीएम कार्यालय ने स्थिति साफ की
विमान के वापस लौटने की खबर के बाद कुछ हिब्रू मीडिया रिपोर्टों में विमान के अपहरण की आशंका जताई गई थी। हालांकि, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय के एक प्रवक्ता ने बाद में स्पष्ट किया कि विमान के हाईजैक होने का कोई खतरा नहीं था और ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न नहीं हुई थी।
इस स्पष्टीकरण के बाद हाईजैकिंग की आशंका को लेकर फैली अटकलों पर विराम लगा। सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता के कारण विमान की वापसी को लेकर यात्रियों और उनके परिजनों में भी चिंता बढ़ गई थी।
दो पायलटों के बीच विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला
इजराइली मीडिया ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया कि विमान में इमरजेंसी की स्थिति कथित तौर पर दो पायलटों के बीच हुए विवाद के बाद बनी। रिपोर्ट के अनुसार, विमान को सऊदी अरब के तबुक स्थित नागरिक एवं सैन्य हवाई अड्डे पर उतारा गया।
घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह मामला किसी आतंकी हमले या विमान अपहरण से जुड़ा नहीं बताया गया है। घटना की परिस्थितियों को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार है।