
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने का ही नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां और उम्मीद की रोशनी बिखेरने का भी संदेश देता है। इसी मानवीय भावना को साकार करते हुए शनिवार को राजघाट थाना पुलिस ने राजकीय मानसिक मंदित आश्रय गृह, नार्मल में पहुंचकर वहां रह रहे बच्चों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को फल, मिठाइयां और मोमबत्तियां वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी एवं थानाध्यक्ष राजघाट गौरव ने आश्रय गृह पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को फल एवं मिष्ठान वितरित किए और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें अपनत्व और स्नेह का एहसास कराया।पुलिस की इस पहल से आश्रय गृह का माहौल उत्सवमय हो गया। बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार मनाने की इस पहल ने यह संदेश दिया कि दीपावली की असली खुशी समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां साझा करने में है।राजघाट पुलिस का यह प्रयास पुलिस की संवेदनशीलता, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय सरोकारों का सराहनीय उदाहरण बना।
