रतनपुर ब्लॉक के पास हुआ भीषण हादसा, युवती समेत दो गंभीर घायल, दोनों के पैर में फ्रैक्चर, जिला अस्पताल रेफर

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के नौतनवां-ठूठीबारी मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह कोहरे के बीच रफ्तार का कहर देखने को मिला। रतनपुर ब्लॉक के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार एक युवती समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों घायलों के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। दुर्घटना के बाद घटना-स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार सोनौली कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत परसा सुमाली के टोला परसा निवासी राजेंद्र साहनी का 20 वर्षीय इकलौता पुत्र सोमवार सुबह बाइक से मिश्रवलिया की ओर जा रहा था। वह अभी मिश्रवलिया पहुंचने से पहले ही था कि सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार परसा मलिक थाना क्षेत्र के निपनिया निवासी सुधीर चौधरी (20) पुत्र रामाज्ञा चौधरी और नौतनवां निवासी ममता (18) पुत्री कौशल्या गंभीर रूप से घायल हो गईं। सोमवार सुबह क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था। सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों का अंदाजा लगाने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में कम दृश्यता को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सोनौली थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ घटना- स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों घायलों के पैर में फ्रैक्चर होने और हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
हादसे में जान गंवाने वाला युवक राजेंद्र साहनी का इकलौता बेटा था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन सड़क हादसे ने पल भर में परिवार की खुशियां छीन लीं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।