शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। शाहजहांपुर जिले के तिलहर क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे से हड़कंप मच गया। रुद्रपुर रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के किनारे बकरियां चरा रहीं तीन महिलाएं तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। हादसे में फिरोजपुर गांव निवासी 55 वर्षीय मुन्नी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना में करीब 15 बकरियों के भी ट्रेन की चपेट में आने की सूचना है।
बताया गया कि फिरोजपुर गांव निवासी वेदप्रकाश की पत्नी मुन्नी देवी सोमवार शाम पड़ोसी गया प्रसाद की पत्नी मुन्नी और भगवान दास की पत्नी रामश्री के साथ बकरियां चराने निकली थीं। तीनों रुद्रपुर रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के किनारे थीं। इसी दौरान करीब शाम 4:40 बजे शाहजहांपुर की ओर से बरेली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस वहां से गुजरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन के गुजरने के दौरान तीनों महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। तेज टक्कर के कारण मुन्नी देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं मुन्नी और रामश्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना की चपेट में कई बकरियां भी आ गईं। ग्रामीणों के अनुसार करीब 15 बकरियों की मौत हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 और जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ हादसे की जानकारी जुटाई। मृतका के परिजन शव को अपने घर ले गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।