लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। लखनऊ के विकासनगर सेक्टर-14 में बुधवार दोपहर एक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 200 झोपड़ियां इसकी चपेट में आ गईं।
सिलेंडर धमाकों से दहला इलाका
आग लगने के बाद झोपड़ियों में रखे गैस सिलेंडर और रेफ्रिजरेटर के कंप्रेसर एक के बाद एक फटने लगे। तेज धमाकों की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा और लोगों में भगदड़ मच गई।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन देखते ही देखते आग ने सब कुछ खाक कर दिया।
ये भी पढ़े – यूपी में बड़ा रेल हादसा: प्रयागराज में ट्रेन की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत, शव देखने ट्रैक पर गए थे सभी
दमकल की 12 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब 12 फायर ब्रिगेड गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास लगातार जारी रहा।
आग की लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
भारी नुकसान की आशंका
इस हादसे में झोपड़ियों में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।
