प्रयागराज (राष्ट्र की परम्परा)। बुधवार शाम एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा सामने आया, जिसमें पांच लोगों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा प्रयागराज मंडल के करछना-भीरपुर रेलखंड के बीच हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
ट्रैक पर शव दिखने से रुकी थी पहली ट्रेन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12312 (डाउन दिशा) के गार्ड और लोको पायलट ने शाम करीब 6:15 बजे किलोमीटर संख्या 801/24-22 पर डाउन मेन लाइन पर एक शव देखा।
इस सूचना के बाद ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया और संबंधित अधिकारियों को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
ये भी पढ़े – सीबीएसई 10वीं परिणाम में ब्लूमिंग बड्स स्कूल अव्वल, माहविश नूर टॉपर
शव देखने पहुंचे लोग बने हादसे का शिकार
बताया जा रहा है कि ट्रैक पर शव होने की खबर सुनकर कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान गाड़ी संख्या 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (अप दिशा) शाम करीब 6:47 बजे वहां से गुजर रही थी।
तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
रेलवे प्रशासन ने जारी की चेतावनी
रेलवे प्रशासन ने घटना के बाद जरूरी विधिक और प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आम जनता और यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन रुकने की स्थिति में बिना कारण नीचे न उतरें और रेलवे ट्रैक पर जाने से बचें।
अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है, अन्यथा ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं।
ये भी पढ़े – अधिवक्ता मौत के बाद उठे सवाल, डीएम पहुंचीं गांव- परिजनों से मिलकर दिलाया न्याय का भरोसा
