
आठ महीने में 844 मोबाइल बरामद, 2.31 करोड़ रुपये की कीमत के फोन उनके मालिकों तक पहुंचाए
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल और जनपद के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने आधुनिक तकनीक एवं सीईआईआर पोर्टल की मदद से 101 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की पुलिस ने तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर मोबाइल फोन ट्रेस किए और उन्हें बरामद करने में सफलता हासिल की।
पुलिस की यह उपलब्धि केवल 101 मोबाइल फोन तक सीमित नहीं है। पिछले आठ महीनों में महराजगंज पुलिस कुल 844 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस दिला चुकी है। बरामद सभी मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 31 लाख रुपये है। सीईआईआर पोर्टल, सर्विलांस तकनीक और अन्य आधुनिक संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल से पुलिस ने मोबाइल बरामदगी के अभियान को गति दी है।
बरामदगी करने वाली सर्विलांस टीम में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी शिवानंद पासवान, मुख्य आरक्षी मोहम्मद कुतुबुद्दीन, राजकुमार राजभर, आलोक पाण्डेय तथा आरक्षी सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता और नीरज कुमार शामिल रहे। इसके अलावा जनपद के विभिन्न थानों पर सीईआईआर पोर्टल से संबंधित कार्यों में नियुक्त पुलिस कर्मियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें तथा सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें। मोबाइल का आईएमईआई नंबर और खरीद का बिल सुरक्षित रखना भी जरूरी है। बाजारों, बसों, ऑटो, टैक्सी, शादी समारोह, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक आयोजनों में मोबाइल फोन खोने की घटनाएं अक्सर लापरवाही के कारण होती हैं। ऐसे में लोगों को अपने मोबाइल की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी घटना की सूचना समय पर पुलिस को देने की सलाह दी गई है।
