मिठाई दुकानों से लिए गए नमूने, साफ-सफाई में कमी मिलने पर तीन प्रतिष्ठानों को नोटिस

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।अभियान के दौरान शुभ दीया स्वीट्स अम्बवीर और सर्वेश कुमार मिष्ठान भंडार से मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर तीन दुकानदारों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।इसके अलावा गढ़िया रंगीन चौराहे पर वाहन संख्या UP25ET4372 से करीब 300 किलोग्राम खोया बरामद किया गया। खाद्य विभाग की टीम ने खोये को नष्ट करा दिया। बरामद खोये की अनुमानित कीमत करीब 78 हजार रुपये बताई गई है। बताया गया कि खोया बरेली मंडी ले जाया जा रहा था। मौके से जांच के लिए चार नमूने भी एकत्र किए गए।खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के मद्देनजर मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।