
उद्यमी मेले में महिला उद्यमियों ने लगाए उत्पादों के स्टॉल, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने, उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शनिवार, 31 अक्टूबर को जनपद देवरिया में KBBL (कौन बनेगा बिजनेस लीडर) अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लक्ष्य रेन्यूफाई फाउंडेशन (Lakshya Renewify Foundation) एवं डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स (Development Alternatives-DA) के संयुक्त सहयोग से किया गया।कार्यक्रम के दौरान उद्यमी मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों और व्यवसायों से संबंधित स्टॉल लगाए। मेले के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, प्रचार-प्रसार और व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिला। इसके साथ ही उद्यम पंजीकरण, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, वित्तीय सहायता और स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।कार्यक्रम में जिला उद्योग अधिकारी सुखवेंदु सिंह, बाल संरक्षण विभाग के जय प्रकाश तिवारी, डीटीसी विभाग के अश्विनी यादव, देवरिया सदर ब्लॉक के एडीओ गणेश शुक्ला, जिला उद्योग विभाग के प्रतिनिधि, दीपक कुमार (सेबी अर्बन ट्रेनर), डीएमएम गौरव जी, डीएचओ संजीव कुमार गुप्ता तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एलडीएम आरएस प्रेम जी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। देवरिया सदर ब्लॉक के सभी बीएमएम ने भी सहभागिता की।इस अवसर पर सफल महिला उद्यमियों श्रीमती विभा पांडेय, वंदना मिश्रा, किरण रॉय, आशा गुप्ता, बिंदु जी और सुनीता त्रिपाठी ने अपने उद्यमिता के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन के माध्यम से महिलाएं अपना व्यवसाय स्थापित कर सकती हैं और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं। उनके अनुभवों ने उपस्थित महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।लक्ष्य रेन्यूफाई फाउंडेशन की ओर से डायरेक्टर प्रवीण दुबे के नेतृत्व में लक्ष्मी पांडेय, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, क्षमा सहित अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स की टीम से प्रखर, आर्यन और शिवम की सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन शिव मिश्र ने किया।कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, कैडर दीदियों, महिला उद्यमियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। आयोजकों ने कहा कि KBBL अभियान के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं की व्यावसायिक क्षमता विकसित करने, उन्हें नए कारोबारी अवसरों से जोड़ने और पहले से संचालित व्यवसायों को विस्तार देने में सहयोग किया जाएगा। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
