
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को जिलेभर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। कलेक्ट्रेट में अधिकारियों-कर्मचारियों ने एकता और अखंडता की शपथ ली, जबकि खलीलाबाद स्टेडियम में स्कूली बच्चों और पुलिसकर्मियों ने एकता दौड़ लगाई। इस मौके पर मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी की मौजूदगी में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक भी हुई, जिसमें स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और अधिकारियों, कर्मचारियों व नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों और सेवा भाव को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। खलीलाबाद स्टेडियम में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना और मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं तथा पुलिसकर्मियों को एकता की शपथ दिलाई। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ रवाना की। एसपी ने खुद भी दौड़ में हिस्सा लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। दौड़ में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ स्कूली बच्चों ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। उधर, कलेक्ट्रेट सभागार में विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और सीडीओ जयकेश त्रिपाठी की उपस्थिति में जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक हुई। सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया। बैठक में जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों का लंबित भुगतान शीघ्र करने, आयुष्मान गोल्डन कार्ड के लिए केवाईसी की स्थिति दुरुस्त करने और एचबीएनसी कार्यक्रम के तहत नियमित पर्यवेक्षण के निर्देश दिए गए। परिवार कल्याण, संचारी रोग नियंत्रण, क्षय रोग उन्मूलन और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की भी समीक्षा हुई। सीडीओ ने अस्पतालों में चिकित्सकों व दवाओं की उपलब्धता, रेबीज टीकाकरण और स्नेक बाइट वैक्सीन की स्थिति का जायजा लेते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, प्रशिक्षु एसडीएम अभय सिंह राजपूत, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी चंद्रशेखर यादव, डीपीओ सतीश कुमार, प्रशासनिक अधिकारी बद्री प्रसाद श्रीवास्तव, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, चिकित्सक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
