
मॉर्निंग वॉकर्स और बुजुर्गों से किया संवाद, एंटी रोमियो टीम ने बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। आमजन की सुरक्षा और महिला एवं बालिका सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर जनपदभर में “गुड मॉर्निंग देवरिया” एवं “एंटी रोमियो चेकिंग” अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सुबह के समय पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास विशेष सतर्कता बरती।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में मॉर्निंग वॉक करने वाले महिला एवं पुरुष नागरिकों से सीधा संवाद किया। उनकी समस्याएं और सुझाव सुनने के साथ सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख पार्कों और मार्गों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।वहीं, जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमों ने बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों ने उन्हें हरसंभव सहायता, सम्मान और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी गई।महिला एवं बालिका सुरक्षा के मद्देनजर एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में आने-जाने वाली बालिकाओं से संवाद किया। उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने बालिकाओं को किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना नहीं, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना भी है। पुलिस विभाग के अनुसार जन-जागरूकता, जनसंवाद, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
पुलिस का संदेश है— “सुरक्षित सुबह, सशक्त नारी, सुरक्षित नागरिक—भयमुक्त देवरिया हमारी प्राथमिकता।”
