शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे इलाज; जांच, दवाएं और कई ऑपरेशन भी मुफ्त!

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित जरूरतमंद मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। गोरखपुर में आगामी 1 नवंबर 2026 को डॉ. रजनीकांत श्रीवास्तव स्मृति सेवा प्रकल्प के तत्वावधान में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें बच्चों, महिलाओं, असहाय बुजुर्गों समेत विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से मुफ्त परामर्श और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। शिविर में खून-पेशाब की जांच, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और बीएमडी टेस्ट सहित कई जांचें भी निःशुल्क कराई जाएंगी। आयोजकों के मुताबिक, पात्र मरीजों के लिए कुछ ऑपरेशन और चश्मे का वितरण भी मुफ्त किया जाएगा। आयोजन की जानकारी शुक्रवार को प्रेस क्लब में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के सदस्यों डॉ. विजाहत करीम, डॉ. सुरहिता करीम, डॉ. हर्षवर्धन राय, डॉ. विनोद श्रीवास्तव, डॉ. सुगंध श्रीवास्तव, डॉ. वीरेश गुप्ता, डॉ. अभिलाष श्रीवास्तव और डॉ. अनुकृति रंजन ने दी। इस दौरान शिविर से संबंधित पोस्टर का भी अनावरण किया गया। जुबली चौराहे के पास लगेगा शिविर, सुबह 11 बजे से शुरू होगा इलाज आयोजकों ने बताया कि निःशुल्क चिकित्सा शिविर 1 नवंबर को डॉ. रजनीकांत क्लिनिक, पुर्दिलपुर, नवाब कॉटेज, जुबली चौराहे के पास आयोजित होगा। शिविर की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी। इसमें गोरखपुर के साथ प्रदेश के बाहर से आने वाले वरिष्ठ चिकित्सक और विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ मरीजों को परामर्श देंगे। शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग, मेडिसिन, यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, नाक-कान-गला, मानसिक रोग, सर्जरी, बाल रोग, चर्म रोग, नेत्र रोग, हड्डी रोग तथा दंत एवं मुख रोग से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त दर्द निवारण चिकित्सा, फिजियोथेरेपी और आहार संबंधी परामर्श की सुविधा भी मिलेगी। बच्चों के ऑपरेशन से लेकर मोतियाबिंद तक के इलाज की व्यवस्था आयोजन समिति के सदस्यों डॉ. अभिलाष श्रीवास्तव और डॉ. वीरेश गुप्ता ने बताया कि पांच वर्ष से कम उम्र के गूंगे-बहरे बच्चों के कान के ऑपरेशन तथा कटे होंठ और तालू से संबंधित ऑपरेशन के लिए परामर्श के बाद निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। ये ऑपरेशन विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किए जाएंगे। नेत्र रोग से पीड़ित मरीजों के लिए मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन और जरूरतमंदों को पावर वाले चश्मे के मुफ्त वितरण की भी व्यवस्था बताई गई है। आयोजकों के अनुसार, किडनी और मूत्र रोग से पीड़ित मरीजों के साथ लीवर एवं पेट संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों को भी चिकित्सकीय परामर्श और दवाओं की निःशुल्क सुविधा मिलेगी। थायराइड, यूरिक एसिड सहित कई जांचें भी मुफ्त डॉ. सुरहिता करीम और डॉ. सुगंध श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर में महिला मरीजों सहित अन्य जरूरतमंद रोगियों को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। खून और पेशाब से संबंधित जांचों के साथ थायराइड तथा यूरिक एसिड जैसी जांचें भी मुफ्त कराने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और बीएमडी यानी बोन मिनरल डेंसिटी टेस्ट की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। हड्डियों से संबंधित समस्याओं के इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहेंगे। मरीजों को फिजियोथेरेपी, दर्द प्रबंधन और खानपान से जुड़े विषयों पर भी विशेषज्ञों से सलाह मिल सकेगी। मोबाइल नंबर पर कराएं पंजीकरण, क्लीनिक पर भी मिलेगी सुविधा शिविर में चिकित्सकीय परामर्श लेने के इच्छुक मरीज मोबाइल नंबरों पर संपर्क करके अपना पंजीकरण करा सकते हैं। आयोजकों ने सुबह 8 बजे से क्लीनिक पर पहुंचकर पंजीकरण कराने की सुविधा भी बताई है। पंजीकरण एवं संपर्क नंबर: 7565887717, 9452047954 आयोजन समिति ने जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों से शिविर की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि आर्थिक अभाव में इलाज नहीं करा पा रहे लोगों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार का लाभ मिल सके। आयोजक मंडल: डॉ. विजाहत करीम, डॉ. सुरहिता करीम, डॉ. हर्षवर्धन राय, डॉ. विनोद श्रीवास्तव, डॉ. वीरेश गुप्ता, डॉ. सुगंध श्रीवास्तव, डॉ. अभिलाष श्रीवास्तव एवं डॉ. अनुकृति रंजन।